अपने ही समाज के लोगों ने श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता को बताया स्‍वार्थी, जानें वजह

झारखंड
Spread the love

चतरा। खैरवार भोक्ता समाज ने शनिवार को सिमरिया चौक पर झारखंड के श्रम नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता का पुतला फूंका। इस दौरान समाज के लोगों ने उनके विरुद्ध जबरदस्त नारेबाजी की। उन्हें स्वार्थी बताया। यह आंदोलन खैरवार भोक्ता समाज विकास संघ की ओर से चलाया गया।

समाज के सदस्यों ने भोक्ता समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने पर हर्ष व्यक्त किया और भारत सरकार के प्रति आभार जताया।

संघ के प्रखंड अध्यक्ष छोटू सिंह भोक्ता ने बताया कि भोक्ता समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने पर समाज में जश्न का माहौल है। भारत सरकार ने समाज की एक पुरानी मांग को पूरा कर दिया है।

छोटू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा सहित मामले से जुड़े तमाम मंत्रियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति में शामिल होने के बाद सदियों से पिछड़े समाज का समग्र विकास होगा। श्रम मंत्री का बयान इस मामले में स्वार्थी और समाज विरोधी रहा है। इसी कारण उनका पुतला फूंका जा रहा है।

इससे पहले भोक्ता समाज ने पचमो मैदान में ढोल बाजे के साथ जश्न मनाया। अबीर-गुलाल उड़ाए। समाज ने पारंपरिक संस्कृति के अनुसार पूजा-अर्चना करते हुए लोक कल्याण की कामना की।