जीत पर मोदी ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, तेल की कीमत पर कहीं ये बात

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्‍यों में भाजपा के जीत की खुशी में गुरुवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस क्रम में उन्‍होंने विभिन्‍न विषयों पर बात करते हुए तेल की कीमत पर भी चर्चा की।

पीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। उत्तर प्रदेश में 4 दशक बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद बीजेपी के वोट बैंक में वृद्धि हुई है।

पीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव के नतीज़ों ने एक बात और साबित कर दी है और मैं सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि देश की भलाई के लिए पुरानी घिसीपिटी रिकॉर्ड को छोड़कर जरा नए सिरे से सोचना शुरू कीजिए।

मोदी ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करूंगा, जिन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है।

मोदी ने कहा कि गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत निकले। वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में BJP की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी बीजेपी ने नया इतिहास रचा है। राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस वक्‍त जो युद्ध चल रहा है, उसका असर हर देश पर पड़ रहा है। भारत शांति के पक्ष में हैं। बातचीत से हर समस्या को सुलझाने के पक्ष में हैं। लेकिन, जो देश सीधे युद्ध लड़ रहे हैं। भारत का उन देश से आर्थिक, सुरक्षा, शिक्षा और राजनीतिक दृष्टि से नाता है।

पीएम ने कहा कि तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ रही हैं। युद्ध के कारण पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ रही है। विकासशील देशों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन कठिनाइयों के बीच इस बार के बजट में विश्वास पैदा होता है। देश आत्मनिर्भर भारत अभियान के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।