लोकआस्था के साथ खिलवाड़ करना बंद करे हेमंत सरकार : दीपक प्रकाश

झारखंड
Spread the love

  • तुगलकी फरमान वापस नही हुए तो आंदोलन करेगी भाजपा

रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार पर प्रहार किया। प्रकाश राज्य सरकार द्वारा सरहुल और रामनवमी की शोभायात्रा में संख्या एवं डीजे बजाने को लेकर लगाये गए प्रतिबंधों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।

प्रकाश ने कहा सरहुल एवं रामनवमी झारखंड की जन भावनाओं से जुड़ा पर्व है। यह उल्लास और उत्साह के साथ जनभागीदारी से मनाए जाने वाला पर्व है। कोरोना के कारण विगत दो वर्षों से जनता इन पर्वों को बड़े पैमाने पर मनाने से वंचित रही है। इस वर्ष कोरोना संक्रमण थम जाने के कारण जनता में अपूर्व उत्साह और उमंग है।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि ऐसे में सरकार द्वारा बाजा बजाने से रोकने और भीड़ की संख्या को भी 100 तक सीमित किये जाने का निर्णय अव्यवहारिक और जनविरोधी है। सरकार के ऐसे तुगलकी फरमान से जनता ऊब चुकी है। राज्य सरकार को लोकआस्था, संस्कृति, पर्व, त्योहारों पर फैसला लेने से पहले जन भावनाओं का ख्याल रखना चाहिए।

प्रकाश ने कहा कि सरकार अगर अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हुए जनभावनाओं और परंपराओं के अनुरूप सरहुल और रामनवमी शोभायात्रा को निकाले जाने की अनुमति प्रदान करे। अन्यथा भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।