शादी के लिए प्रेमिका ने बनाया दबाव, प्रेमी ने दी खौफनाक सजा

अपराध झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। प्रेमिका ने शादी के लिए प्रेमी पर दबाव बनाया था। इसके बाद प्रेमी ने उसे खौफनाक सजा दी। यह खुलासा पुलिस जांच में हुई है। विदित हो कि गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत चटनिया गांव स्थित सतुआहि जंगल में बीते 25 फरवरी की सुबह एक लड़की का शव मिला था। कांडी पुलिस ने लड़की के शव को पोस्‍टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया था।

पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। उक्त लड़की की पहचान मझिगावां गांव के नवडिहवा टोला निवासी विजय पासवान की 20 वर्षीया पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई थी। इस संबंध में मृतिका का पिता विजय पासवान द्वारा 26 फरवरी को लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन में उन्‍होंने बताया कि उनकी बेटी पूजा 23 फरवरी को करीब 3 बजे अपने घर से निकली थी। वह लौटकर अपने घर वापस नहीं आई। परिजनों द्वारा आसपास के इलाकों में खोजा भी गया।

ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि पूजा को नवडिहवा टोला निवासी सुरेश रजवार के पुत्र अखिलेश रजवार के साथ जंगल की ओर जाते हुए देखा था। इसी बात पर वादी द्वारा अखिलेश रजवार के विरुद्ध बहला-फुसलाकर पूजा को ले जाकर उसके साथ बलात्कार कर उसकी हत्या करने के आरोप में कांड दर्ज कराया। मामला दर्ज होते ही पुलिस रेस हो गई। अनुसंधान के अंतर्गत विभिन्न जगहों पर छापामारी की गई।

सोमवार को इस कांड के आरोपी अखिलेश कुमार को उसके घर से पकड़ा गया। जांच में यह बात सामने आई कि उसके प्रेमी ने ही बलात्कार कर सल्फास देकर जान ले ली थी। पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह भी कुबूल कर लिया। अखिलेश ने बताया कि उसके और पूजा के बीच प्रेम संबंध था। पूजा कुमारी की शादी भी कहीं और जगह लग गई थी। पूजा उसके साथ ही शादी करने का दबाव बना रही थी। हालांकि वह उससे शादी नहीं करना चाहता था। जब पूजा अत्यधिक शादी करने का दबाव बनाने लगी तो इस बात से तंग आकर उसका बहला-फुसलाकर पूजा को बनरखोहा पहाड़ के पास बुलाया। जबरदस्ती सल्फास की गोली पानी के साथ मिलाकर पिला दिया। इससे पूजा की मौत हो गई।

गिरफ्तार अभियुक्त अखिलेश कुमार की निशानदेही पर घटनास्थल पर जाकर पुलिस द्वारा कांड में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक सल्फास की गोली की पुड़िया, एक प्लास्टिक का बॉटल व एक प्लास्टिक का ग्लास को भी जब्त किया गया। छापामारी टीम में थाना प्रभारी फैज रब्बानी, एसआई स्वामी रंजन ओझा, एडवर्ड टोप्पो, अनूप कुमार सहित अन्य पुलिस के जवान भी शामिल थे।