टाटा स्टील की महिला कर्मचारियों को ईपीएफओ से मिला सम्मान

देश नई दिल्ली
Spread the love

  • दोनों कर्मचारी का ताल्लुक झारखंड में टाटा स्टील की नोआमुंडी आयरन माइन से

नई दिल्ली। टाटा स्टील की दो महिला कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रम और रोजगार मंत्रालय के तत्वावधान में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) द्वारा सम्मानित किया गया है। सम्‍मानित की गई अरुणा नारायण संकटला और बिपाशा विश्वास टाटा स्टील की नोआमुंडी आयरन माइन में कार्यरत हैं। श्रम रोजगार, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया।

टाटा स्टील का ओर माइंस और क्वैरीज (क्यूएमक्यू) डिवीजन भारत का पहला खनन डिवीजन है, जहां 1 सितंबर, 2019 से सभी तीन शिफ्टों में महिला कर्मचारियों को तैनात किया गया था। इस पहल में अधिकारी, कर्मचारी और अनुबंध जैसी हर श्रेणी की महिला कर्मचारी कर्मी शामिल थीं।

वीमेन@माइंस पहल को आगे बढ़ाते हुए नोआमुंडी आयरन माइन ने 1 फरवरी, 2021 को 23 महिला हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी (एचईएमएम) ऑपरेटरों के पहले बैच को शामिल किया। उन सभी को खदानों में काम करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। अब वे माइंस में काम कर रहीं हैं। इसके बाद वेस्ट बोकारो में 4 अगस्त, 2021 को 17 महिला एचईएमएम ऑपरेटरों को नियुक्त किया गया था और ये महिलाएं एक साल की अवधि के लिए प्रशिक्षण ले रही हैं, जिसके बाद वे काम करना शुरू कर देंगी।  कुल मिलाकर, टाटा स्टील ने खदानों में एचईएमएम ऑपरेटरों के रूप में 40 महिलाओं को शामिल किया है।

कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (रॉ मटेरियल) डीबी सुंदरा रमम ने कहा, ‘टाटा स्टील ने हमेशा से समुदाय के प्रतिभाशाली युवाओं को करियर के अवसर प्रदान किए है। यह सम्मान इस यात्रा में एक और मील का पत्थर है। टाटा स्टील एक समान अवसर नियोक्ता है, जहां विविधता और समावेशन कोई विकल्प नहीं है, बल्कि जीवन का एक हिस्सा है।‘