पश्चिम चंपारण। डीआईजी ने अपने रीडर को फोन किया। उन्हें उसपर शक हुआ। इसके तुरंत बाद पुलिस आई और रीडर को गिरफ्तार करके ले गई। यह मामला बिहार के बेतिया जिले का है। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पुलिस जवानों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक चंपारण रेंज के डीआईजी पीके प्रवीण के रीडर को शराब के नशे में पुलिस ने गिरफ्तार किया। रीडर की गिरफ्तारी डीआईजी आवास से हुई। उसकी गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना पुलिस ने की। गिरफ्तारी के बाद बेतिया पुलिस में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि डीआईजी ने रीडर को किसी काम के लिए फोन किया था। बातचीत के दौरान डीआईजी को शक हुआ कि रीडर शराब के नशे में हैं। इसके बाद डीआईजी ने तुरंत बेतिया एसपी को फोन किया।
डीआईजी का फोन आते ही एसपी ने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को भेजकर रीडर की गिरफ्तारी कराई। रीडर की गिरफ्तारी डीआईजी आवास से की गई। गिरफ्तारी के वक्त रीडर शराब के नशे में ही था।