प्रेमिका को मिलने के बहाने बुलाया और की हत्या, पुलिस कर रही जांच

देश बिहार
Spread the love

जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद के विगहा गांव में एक युवक को प्रेम प्रसंग के कारण होली के दिन अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। गांव में रहने वाले और पेशे से ड्राइवर 25 वर्षीय रविंद्र कुमार यादव उर्फ गुलजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तब अगले दिन युवक का शव गांव के नजदीक मौजूद खेत में मिला।

पुलिस के मुताबिक, वारदात का कारण प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। खबर के मुताबिक, युवक चेन्नई में रहकर निजी वाहन चलाता था। होलिका दहन की रात को वह गांव में अपने घर से बाहर निकला था। परिजनों को लगा कि वह अपने दोस्तों के साथ होलिका दहन में गया होगा। लेकिन उसका शव अगले दिन खेत में मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब दो बजे फायरिंग हुई थी। लोग समझ रहे थे कि होलिका दहन पर पटाखा छोड़ा गया होगा।

दूसरे दिन सुबह के वक्त गांव के कुछ लोग खेत में काम करने गए थे। उसी दौरान युवक का शव मिला। हल्ला होने पर गांव में कोहराम मच गया। लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के मुताबिक चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बताया जा रहा है कि युवक को उसकी प्रेमिका से मिलने के बहाने बुलाया गया और हत्या की साजिश रच दी गई। जिस हथियार से गोली मारी गई है, उसे जब्त करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस फ़िलहाल आगे की जाँच कर रही है।