एएसआई को 5 हजार घूस लेते हुए एसीबी ने किया गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाने के एएसआई मुन्नालाल जमुडा को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते 8 मार्च को गिरफ्तार किया गया। भ्रष्‍टचार निरोधक ब्‍यूरो (एसीबी) की पलामू प्रमंडल टीम ने यह कार्रवाई की। केस डायरी भेजने के लिए वह पैसे ले रहा था। पलामू एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार गिरी और राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में एएसआई को गिरफ्तार किया गया‌ है।

एसीबी के पुलिस अधीक्षक के मुताबिक पंडवा थाना के झरी निवासी मुन्ना प्रसाद (29 वर्ष) ने एक आवेदन दिया था। इसमें कहा था कि 1 फरवरी, 2022 को उनके छोटे भाई पप्पू प्रसाद गुप्ता और उनपर कोयला चोरी का आरोप लगा कर पंडवा थाना द्वारा 2 फरवरी, 2022 को (कांड संख्या 08/22) दर्ज कि‍या गया। छोटे भाई को जेल भेज दिया गया। इस कांड में उन्हें भी अभियुक्त बनाया गया था। दोनों भाई ने जमानत के लिये पलामू जिला न्यायालय में याचिका दायर की। इसके बाद वह पंडवा थाना के एएसआई मुन्ना लाल से मिले। समय पर केस डायरी भेजने का आग्रह किया गया।

एएसआई द्वारा केस डायरी भेजने के लिए 15 हजार रुपये की मांग की गई। एएसआई ने कहा कि कम से कम तत्काल 5 हजार रुपये की व्यवस्था करो, वर्ना केस डायरी कोर्ट में नही भेजेंगे। तुम्‍हें भी पकड़कर जेल भेज देंगे। कई बार आग्रह करने के बाद भी वह नहीं माने।

इसके बाद वादी ने एसीबी की शरण ली। वहां मुकदमा दर्ज कराया। एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन के क्रम में एएसआई मुन्ना लाल जामुदा द्वारा पैसे की मांग करने संबंधी आरोप को सही पाया गया। इसके बाद कांड दर्ज कर धावादल का गठन कर मुन्ना लाल जामुदा को 8 मार्च को वादी मुन्ना प्रसाद से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।