- समस्या का निराकरण नहीं होने पर अनिश्चितकाल के लिए सड़क जाम का अल्टीमेटम
प्रशांत अंबष्ठ
बोकारो। जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत गोमिया पंचायत के गोमिया तेनु सड़क पर रविवार को सैकड़ों ग्रामीण महिला, पुरुष, युवक, युवतियां पानी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे। इस दौरान महिलाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पेयजल विभाग एवं सरकार के खिलाफ आक्रोश दिखा।
महिलाओं ने कहा कि पिछले 2 माह से गोमिया के तमाम क्षेत्रों में पानी की विकराल समस्या है। पीने के पानी के लिए दूरदराज जाकर किसी प्रकार एक बाल्टी पानी लाकर प्यास बुझा पा रहे हैं। समस्या से रोज दो-चार होना पड़ता है। गोमिया में पानी की समस्या वर्षों से है, लेकिन आज इसका निदान नहीं किया गया। करोड़ों की लागत से बोकारो नदी में बना इंटेक वेल सफेद हाथी बनकर रह गया है।
महिलाओं ने कहा कि 1 सप्ताह में पानी की समस्या निराकरण नहीं होने पर अनिश्चितकाल के लिए गोमिया तेनु सड़क जाम कर दिया जाएगा। मौके पर पूर्व मुखिया बलराम रजक, श्यानंदन स्वर्णकार, डब्ल्यू, पूर्व पसस अजय रजक, महादेव चौधरी, उर्मिला देवी, बबिता देवी, चंपा देवी, चंदन कुमार, झालो देवी आदि मौजूद थे।


