आईईडी ब्लास्ट में दो सीआरपीएफ जवान घायल, एयरलिफ्ट किये गये

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में आईईडी ब्लास्ट हुआ। इस घटना में सीआरपीएफ के कोबरा 203 बटालियन के दो जवान दिलीप कुमार और नारायण दास घायल हो गये। दोनों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे लोहरदगा के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र पेशरार के बुलबुल जंगल में घटी। यहां पुलिस सर्च अभियान चला रही थी। इस दौरान आईईडी ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ कोबरा 203 बटालियन के दो जवान घायल हो गये।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर और 15 लाख का इनामी रविंद्र गंझू का हथियारबंद दस्ता उक्‍त जंगल में है। इसके बाद पुलिस के वरीय पदाधिकारी और सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन की टीम वहां पहुंची। सर्च अभियान चलाने लगी। इस दौरान ब्‍लास्‍ट हुआ।

यह इलाका पेशरार से 20 किलोमीटर और बुलबुल गांव से दो किलोमीटर घने जंगल में है। यहां नक्सली के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

बताया जाता है कि पुलिस और भाकपा माओवादी संगठन के बीच गुरुवार शाम को मुठभेड़ हुई थी। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे थे।

सीआरपीएफ द्वारा जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वहीं, आईडी ब्लास्ट होने से दो जवान घायल हो गए है। घटना की सूचना पर तत्काल हेलिकॉप्टर से जवान को ले जाकर मेडिका में भर्ती कराया गया है।