जमीन की रसीद काटने के लिए राजस्‍व कर्मचारी के ऑफर से महिला के उड़े होश, देखें वीडियो

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत चिपरी गांव की एक महिला ने गोमिया अंचल के राजस्व कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए। उसने जमीन की रसीद काटने के एवज में नाजायज राशि लेकर काम नहीं करने और प्रताड़ित करने की बात कही है। इस संबंध में अंचलाअधिकारी ने किसी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया है।

महिला ने कहा कि अंचल कार्यालय के सिस्टम एवं उक्त राजस्व कर्मचारी की हरकतों के कारण वह पिछले 2 माह से परेशान हैं। रसीद काटने से संबंधित अंचल अधिकारी को आवेदन देने के कई दिन बाद अंचल कर्मचारी ने मेरे घर जाकर जमीन की जांच की। इसके बाद कर्मचारी ने अंचल अधिकारी को इसकी सूचना दी। बताया कि इसकी जमीन में कुछ लोग घर बनाकर रह रहे हैं। तब मुझे अंचल अधिकारी ने बताया कि अब अपने हिसाब से जांच करेंगे। इसमें 3 से 4 माह का समय लग सकता है।

भुक्‍तभोगी महिला

महिला ने बताया कि कुछ दिन बाद दोबारा वह अंचल कार्यालय पहुंची। राजस्व कर्मचारी से मिली। राजस्व कर्मचारी ने रजिस्टर खोला तो देखा कि जमीन का सारा प्लॉट उनका चढ़ा हुआ है। फिर कर्मचारी ने 3 हजार रुपये मांगे। कहा कि पैसा देने के बाद ऑनलाइन कर जमीन की रसीद काट दी जायेगी। पैसा देने में असमर्थता जताने के बाद भी वह नहीं मानें। अतत: तीन हजार रुपये कर्मचारी को उन्‍होंने दे दिए। उस दिन कर्मचारी ने कहा अभी वेबसाइट बंद है। साइट खुलते ही काम कर देंगे। ज्यादा दिन होने के बाद दोबारा कर्मचारी से मिलने पर उसने कहा कि पुराना रसीद नहीं है। इसलिए अब आपका काम नहीं होगा।

महिला ने कहा कि कर्मचारी पैसा लेकर भी काम नहीं कर रहे हैं। टालमटोल कर रहे हैं। विगत 2 माह से अंचल कार्यालय का चक्कर काटकर थक चुकी है। सीओ, कर्मचारी सब मिले हुए हैं। सीओ और राजस्व कर्मचारी अब कह रहे हैं कि‍ आपकी जमीन इसमें है ही नहीं। वह 31 जनवरी, 2022 को कार्यालय पहुंचकर कर्मचारी से पुनः गुहार लगाई। कहा कि मेरी जमीन सही है। ऑनलाइन रसीद काट दीजिए। इसके बाद कर्मचारी ने मुझसे कहा कि जल्द काम कराना है तो मेरे साथ शारिरिक संबंध बनाना होगा। इसका विरोध करने पर कर्मचारी ने रसीद नहीं काटने की धमकी दी। बोले कि जो करना है कर लो, रसीद नहीं कटेगा।

राजस्व कर्मचारी

इस बारे में पूछे जाने पर अंचल राजस्व कर्मचारी जानकी प्रसाद ने महिला के आरोप को गलत बताया। उन्‍होंने कहा ऐसा कोई सबूत नहीं है। रसीद काटकर महिला को दे दिया गया है।

इस संबंध में अंचलाधिकारी ने कहा कि जमीन का मामला है। यहां वर्षों से रसीद वगैरह कुछ भी नहीं कटी है। उक्त महिला द्वारा आवेदन दिया गया था। उसकी जांच कराई गई है। कर्मचारी की रिपोर्ट आई है कि कुछ लोग उक्त जमीन पर घर बनाकर रह रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में न्यायिक मामला होता है। हमने दोनों पक्षों को नोटिस जारी किया है। भूमि संबंधित जो भी कार्य है, अग्रतर किये जायेंगे। राजस्व कर्मचारी पर महिला द्वारा लगाए गए आरोप के बारे में मुझे अब तक कोई जानकारी नहीं है।