रांची। झारखंड में आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। राज्य में अगले 24 घंटे के के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इसके आद तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यह जानकारी रांची स्थित मौसम केंद्र ने 16 फरवरी को दी।
आंशिक बादल छाये रहे
बुधवार को आसमान में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहे। केंद्र के मुताबिक 17 और 19 फरवरी को भी आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे। 18 फरवरी को आसमान साफ रहने की संभावना है।
20 फरवरी को यहां बारिश
मौसम केंद्र के मुताबिक 20 फरवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिणी और मध्य भागों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में पड़ने की संभावना है।
21 और 22 फरवरी को यहां वर्षा
मौसम केंद्र के मुताबिक 21 और 22 फरवरी को राज्य के कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।