बिहार के औरंगाबाद में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी

देश बिहार
Spread the love

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद-गया सीमावर्ती इलाके के पचरूखिया जंगल में गुरुवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। फिलहाल मुठभेड़ जारी है। दोनों ओर से फायरिंग की जा रही है।

एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की पुष्टि की है। सीआरपीएफ और कोबरा जवानों को औरंगाबाद-गया सीमावर्ती क्षेत्र के पचरूखिया जंगल में नक्सलियों के जमा होने की सूचना मिली थी। नक्सली कोई बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हो रहे थे।

लिहाजा कोबरा और सीआरपीएफ जवानों की ओर से कॉम्बिंग ऑपरेशन किया जा रहा था। इसी दौरान जंगल में जवानों पर नक्सलियों की नजर पड़ गई। इसके बाद जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू की। दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। हालांकि किसी तरह की हताहत की खबर अब तक नहीं मिली है। जवानों की कार्रवाई जारी है। जवान नक्सलियों को घेराबंदी में जुटे हुये हैं।

यहां बता दें कि पचरूखिया इलाके में कैम्प बनाने की भी स्वीकृति मिली है। लिहाजा जवान और पदाधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है। कैम्प बनाने की सूचना से भी नक्सली बौखला गये हैं और बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं, लेकिन जवानों ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है।