बिहारः ऋतुराज ने गूगल में ढूंढ निकाली गलती, तो गूगल ने रिसर्चर की सूची में डाला, इनाम में मिलेगी इतनी राशि

बिहार
Spread the love

बेगूसराय। होनहार बिरवान के होत चीकने पात। यह कहावत बिहार के बेगूसराय जिले के ऋतुराज पर बिल्कुल सटीक बैठती है। यहां गूगल की भी तारीफ की जानी चाहिए। ऐसा इसलिए कि दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले सर्च इंजन गूगल में गलती मिली, तो गूगल ने भी बड़े सहज से इसे स्वीकार किया। अब बात ऋतुराज की।

इसने गूगल की गलती निकालकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जब ऋतुराज ने गूगल को इसकी जानकारी भेजी, तो गूगल ने भी माना कि उसकी साइट में बड़ी चूक है। इसका फायदा कोई भी ब्लैक हैट हैकर उठा सकता है। गूगल ने छात्र का नाम अपने रिसर्चर की सूची में डालते हुए उसे गूगल हाल ऑफ फेम अवार्ड से नवाजा है।

यहां बता दें कि ऋतुराज आइआइटी मणिपुर में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। वो बेगूसराय के सब्जी मंडी रोड मुंगेरीगंज निवासी राकेश कुमार चौधरी और सुनीता जायसवाल के पुत्र हैं। इनके पिता आभूषण व्यवसायी हैं। वे साइबर सिक्योरिटी विषय पर अलग से शोध कर रहे हैं। अब उन्हें 31 हजार डॉलर से अधिक का इनाम मिलेगा। उसकी बग हंटिंग फिलहाल पी-2 के फेज में है। जैसे ही वह पी-0 पर पहुंचेगा, उसे इनाम की राशि मिल जाएगी।