
हरियाणा। हरियाणा के मेवात में दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां मिट्टी ढहने से चार लड़कियों की मौत हो गई। दर्दनाक हादसा तावडू के कांगरका गांव में हुआ है।
दरअसल, सोमवार शाम को वकीला (19), जनिस्ता (18), तस्लीमा (10) गुलअफशा (9), सोफिया (9) एक साथ गांव में ही पंचायती जगह से मिट्टी लेने के लिए गई हुईं थीं। तभी अचानक मिट्टी के ढहने से हादसा हो गया। इसमें चार लड़कियों की मौत हो गई। जबकि एक युवती को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है।
सूचना मिलने पर लड़कियों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी। हादसे के दौरान मिट्टी में दबी लड़कियों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने 4 शवों को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जिस युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है उसकी हालत भी अभी नाजुक बनी हुई है।