लोहरदगा 20 सूत्री कमेटी घोषित होते जिला कांग्रेस में मचा बवाल

झारखंड
Spread the love

  • प्रदेश प्रवक्‍ता ने कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सुखैर भगत को हटाने की मांग की

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। जिला 20 सूत्री की कमेटी की घोषणा होते ही कांग्रेस कमेटी में बवाल मच गया है। इसमें विभिन्‍न कमेटी के सदस्‍यों की उपेक्षा कराने का आरोप कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सुखैर भगत पर लगा है। उन्‍हें तत्‍काल पद से हटाने मांग होने लगी है। इस संबंध में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रामाधार पाठक ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजेश ठाकुर को पत्र लिखा है।

प्रदेश प्रवक्‍ता ने पत्र में लिखा कहा है कि तत्कालिक कार्यवाहक जिला अध्यक्ष सुखैर भगत की मनमानी चरम पर है। जब से विधानसभा चुनाव हुआ है, तब से अब तक जिला कमेटी का विस्तार नहीं किया गया है। सुखैर भगत वर्तमान में नौ-नौ लाभ के पद पर बने हुए हैं। वर्तमान में जो 20 सूत्री का गठन हुआ है, उसमें सेवादल, यूथ कांग्रेस, पंचायती राज संगठन, महिला कमेटी, अल्पसंख्यक कमेटी, अनुसूचित जाति आदि किसी भी कमेटी से किसी भी सदस्य को स्थान नहीं देकर अपने चहेते नुमाइंदों को रखा है।

पाठक ने लिखा है कि इनके जिलाध्यक्ष बनने के बाद पार्टी लगातार रसातल में जा रही है। वर्तमान में सिर्फ चंद लाभ के लिए सुखैर भगत सांठगांठ से आधा दर्जन से भी अधिक पोस्ट पर बने हुए हैं। ऐसे लोग स्वार्थ के कारण भले ही दर्जनों पोस्ट लेकर बैठ जाए, पर नेता कभी नहीं बन सकते। 20 सूत्री की वर्तमान लिस्ट को देखकर स्पष्ट होता है कि लोहरदगा जिला में सिर्फ चमचों का बोलबाला है। कर्मठ कार्यकर्ताओं का कोई अस्तित्व नहीं है। इस कमेटी में सिर्फ अपने चहेतों को स्थान दिया गया है।

प्रदेश प्रवक्‍ता ने लिखा है कि वर्तमान कार्यवाहक जिला अध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाए। लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की रक्षा की जाए।