मुस्लिम मुल्क यमन में फिर तेज हुआ गृह युद्ध एक दिन में मारे गए 200 लोग

दुनिया
Spread the love

यमन। करीब 7 सालों से गृह युद्ध का सामना कर रहे यमन में 200 लड़ाकों की मौत हो गई है। मरिब शहर के पास युद्ध के दौरान ये मौतें हुई हैं। सेना और मेडिकल सर्विसेज से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई हमलों में 125 से ज्यादा हूथी विद्रोही लड़ाके मारे गए हैं। वहीं सरकार समर्थित बलों से संघर्ष में शाबवा और अल-बायदा सूबे में इन लड़ाकों की मौत हुई है। सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के समर्थन वाले सरकारी बलों के भी 70 लड़ाकों की इस संघर्ष में जान चली गई हैं। ये मौतें बीते 24 घंटे में हुए संघर्ष के दौरान हुई हैं।

इससे समझा जा सकता है कि यमन में गृहयुद्ध के चलते हालात कितने भयावह हो चुके हैं। सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेनाएं यमन में बीते 7 सालों से हूथी विद्रोहियों से मुकाबला कर रही हैं। इस संघर्ष के चलते लाखों लोगों को अपने ही देश से पलायन करना पड़ा है। इस संकट के चलते भुखमरी समेत कई अन्य समस्याएं भी खड़ी हो गई हैं।  सोमवार को हूथी विद्रोहियों ने एक सैन्य जहाज को घेर लिया था, जिसमें यूएई का झंडा लगा हुआ था। गठबंधन सेनाओं का कहना है कि इस जहाज में मेडिकल सप्लाई के लिए जरूरी सामान लदा हुआ था।

हूथी विद्रोहियों की ओर से घेरे जाने पर गठबंधन सेनाओं ने कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद 125 लड़ाके मारे गए। इससे पहले सितंबर में मरिब शहर पर कब्जे के लिए हूथी विद्रोहियों और सरकार समर्थित सेनाओं के बीच भीषण संघर्ष हुआ था। यह आखिरी शहर है, जिसपर यमन सरकार का कब्जा बना हुआ है। एक तऱफ सऊदी समर्थक बलों ने विद्रोहियों पर हवाई हमले तेज किए हैं तो वहीं हूथी विद्रोहियों की ओर से मिसाइल और ड्रोन अटैक किए जा रहे हैं।