नव वर्ष के पहले दिन खाटु श्याम के दर्शन को उमडे़ भक्त

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित मंदिर खाटु श्याम में वर्ष 2022 के प्रथम दिन भक्तों की भीड़ उमड़ी। उन्‍होंने लखदातार श्याम सरकार के दरबार में परिवारज एवं इष्टजनों संग हाजिरी लगाई। भक्त प्रातः बेला से ही निरंतर श्याम बाबा के दर्शन एवं अपनों के लिए मंगलकामना के लिए आते रहे।

वर्ष का प्रथम दिन श्याम प्रेमियों के लिए अन्य विशेष पर्व की तरह ही जीवन में विशेष स्थान रखता है। भक्तों की जुबानी है कि

‘तेरी ही भक्ति में खत्म हो गया श्याम ये साल

तेरी ही रहमतों से शुरू होगा अब नया साल’

श्री श्याम मित्र मण्डल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका ने बताया कि भक्तों के इस श्याम प्रेम को देख प्रसन्नता होती है। भक्तों संग बच्चे भी पिकनिक की जगह प्रार्थना को ही जीवन में लाते हैं। भक्तों के इस भाव को देखते हुए नव वर्ष के प्रथम दिन पर बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाता है। बाबा को भोग अर्पित करने के लिए विशेष रूप से गोंद का लड्डू मण्डल के उपाध्यक्ष अशोक लडिया की निगरानी में बनाया गया।

दरबार में उपस्थित सभी भक्तों के बीच निरंतर प्रसाद वितरण मण्डल के सदस्य मनोज खेतान, आनंद चौधरी, रतन सिंघानिया, अरूण राजगढ़िया कर रहे थे। मण्डल के अन्य सदस्य प्रवीण सिंघानिया, विष्णु चौधरी, सूरज लोधा, साकेत ढाढनिया, रोहित अग्रवाल सहित अन्यों ने सभी भक्तों को सरकारी दिशा-निर्देश के अनुसार दर्शन कराने में योगदान दिया।