रांची। उत्तर-पश्चिम भारत में शुक्रवार से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसका असर झारखंड में भी देखने के मिलेगा। इसके कारण आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। ओला भी गिरने की आशंका है। तापमान बढ़ने वाला है। यह जानकारी रांची स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को दी है।
दो दिन कोहरा संभव
मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में अगले 2 दिनों तक राज्य में सुबह कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध देखी जा सकती है। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। आने वाले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद है।
यहां होगी बारिश
मौसम केंद्र के अनुसार 22 जनवरी को राज्य उत्तरी भागों में स्थित विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका में देखने को मिलेगा। राज्य के अन्य भागों में आकाश में हल्के से घने बादल छाये रहेंगे।
यहां ओला पड़ेंगे
केंद्र के अनुसार 23 और 24 जनवरी को राज्य के उत्तर, उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में स्थित जिलों में कुछ स्थानों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में पड़ने के संकेत हैं। इन जिलों में 23 जनवरी को वज्रपात और ओला पड़ने की भी आशंका है।