ICC प्लेयर ऑफ द मंथ: दिसंबर महीने के लिए एजाज पटेल ने जीता अवार्ड

खेल देश
Spread the love

नई दिल्ली। ICC ने दिसंबर महीने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ की घोषणा कर दी है। न्यूजीलैंड के एजाज पटेल को यह पुरस्कार मिला है, जिन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में 10 विकेट लेकर इतिहास रचा था।

दिसंबर में महिलाओं का क्रिकेट बहुत कम हुआ था, जिसके चलते ICC ने महिला वर्ग से इस बार पुरस्कार की घोषणा नहीं की है। एजाज ने भारत के मयंक अग्रवाल और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़कर इस पुरस्कार में कब्जा जमाया है।

मयंक ने दिसंबर में खेले दो टेस्ट में 69 की शानदार औसत के साथ 276 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए। दिसंबर की शुरुआत में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 और 62 रनों की पारी खेली थी। पिछले महीने खेले तीन मैचों में स्टार्क ने 19.64 की औसत के साथ 14 विकेट हासिल किए।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कीवी स्पिनर एजाज पटेल ने भारत के खिलाफ इतिहास रचा था। दिसंबर में खेले इकलौते टेस्ट में एजाज ने 14 विकेट हासिल किए थे। उनका प्रदर्शन 2021 में किसी गेंदबाज द्वारा एक टेस्ट में किया गया बेस्ट प्रदर्शन भी साबित हुआ है।