कोडरमा में अपनी पत्नी को जिंदा दफना रहा था पति, ऐसे मौत के मुंह से बाहर निकली महिला

झारखंड देश
Spread the love

कोडरमा। कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित चंद्रपुर निवासी एक महिला को अपने पति व उसकी भाभी के बीच चल रहे अवैध संबंधों का विरोध करना महंगा पड़ा। आरोप है कि पति व उसकी भाभी ने महिला के साथ न सिर्फ मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया, बल्कि उसे मरा हुआ समझकर गांव के एक गड्ढे में जिंदा दफनाने का प्रयास किया।

हालांकि ऐन वक्त पर गांव के कुछ बच्चों के देखे जाने व कुत्तों के शोर मचाने पर आरोपी आनन-फानन में भाग निकले। बाद में उस महिला को गड्ढे से निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद उसने पुलिस के सामने पूरी घटना का खुलासा किया। इस संबंध में पीड़ित महिला गुड़िया देवी (पति सकलदेव यादव) ने पुलिस अधीक्षक को एक आवेदन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आवेदन में गुड़िया देवी ने कहा है कि वह एक गरीब महिला है और उसका पति सात वर्षों से उससे अलग रह रहा है। वह पीडीएस दुकान से राशन लाने गई थी।

इसी दौरान पूर्व से घात लगाकर बैठे उसके पति सकलदेव यादव (35 वर्षीय) और उसकी गोतनी सरिता देवी (पति केदार यादव) ने जान मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे की रॉड से लगातार कई बार वार किया। आरोपी तब तक वार करता रहा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गई। उसके बाद रस्सी से गला दबाने लगे, जिस कारण उसका दम घुटने लगा। लात-घूंसे से भी काफी वार किया गया। बेहोशी के दौरान उसे मरा हुआ समझ कर सकलदेव यादव व सरिता देवी ने उसे बगल के एक गड्ढे में ले जाकर फेंक दिया और मिट्टी डालकर जिंदा दफनाने का प्रयास किया। उसी समय कुछ बच्चे वहां पहुंच गए और माजरा देखकर गांव में जाकर शोर मचाया।

शोर सुनकर गांव वाले वहां पहुंचे। राशन दुकानदार ने उसके जीजा व बहन को फोन पर सूचना दी। सूचना पाकर जीजा राजकुमार यादव और बहन मुंद्रिका देवी वहां पहुंचे और आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। उसका पति के साथ न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है। उसके पति व सरिता देवी के बीच अवैध संबंध है। इस कारण कई बार उसे जान से मारने का प्रयास भी किया गया है।