बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने मैकेनिकल इंजीनियर को मारी गोली

देश बिहार
Spread the love

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा मिल्की टोला में बुधवार देर रात करीब 1 बजे नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर मैकेनिकल इंजीनियर जियाउर रहमान को गोली मार दी। इस दौरान अपराधियों ने 4 राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

इधर, गोलीबारी की सूचना पर काजी मोहम्मदपुर थानेदार सत्येंद्र कुमार सिन्हा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में युवक को सदर अस्पताल ले गये, जहां से डॉक्टरों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। उसकी स्थिति गंभीर है। बताया जा रहा है कि एक गोली युवक को लगी है। जो पेट के निचले हिस्से को चीरते हुए जांघ में जाकर फंस गई है। डॉक्टर उसे निकलने की कोशिश में लगे हैं।

इधर, थानेदार ने बताया कि घायल युवक समस्तीपुर के दलसिंहसराय का रहने वाला जियाउर रहमान है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों ने भी घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।

जियाउर के बहनोई हसनैन आरिफ सोलर कारोबारी हैं। दो दिन पूर्व अपने पिता मोतिउर रहमान के साथ मुजफ्फरपुर स्थित बहनोई के घर पहुंचा था। यहां वह अपने पिता की आंख का ऑपरेशन कराने के लिए आया था। बताया गया कि रात को परिवार के लोग खाना खाकर सोने चले गये थे। इसके बाद देर रात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया।