धनबादः कोरोना में जान जोखिम में डाल लोगों ने इस तरह मनाया नया साल, नर्तकियों ने सर्द रात में भड़का दी आग

झारखंड देश
Spread the love

धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में कोरोना के खतरे से बेपरवाह लोगों ने नये साल-2022 का दिल खोलकर स्वागत किया। 31 दिसंबर और 1 जनवरी की मध्य रात धनबाद के कई सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी-बड़ी पार्टियों का आयोजन किया गया। इसमें लोग जमकर नर्तकियों के साथ थिरकते नजर आये। कुछ तो इतने मस्ती में थे कि हाथ में शराब की बोतलों को लेकर पीने से ज्यादा खेल कर रहे थे। हालांकि कोरोना के मद्देनजर धनबाद जिला प्रशासन ने धारा 144 लगा रखी है।

कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुये नया साल सेलिब्रेट करने का निर्देश था। देखने में तो ऐसा नहीं लगा कि लोग प्रशासन की बंदिशों को मानने के प्रति गंभीर हैं। यहां बता दें कि ओमिक्रोन का असर अब धीरे-धीरे पूरे झारखंड में बढ़ रहा है। ऐसे में धनबाद जिला प्रशासन ने कोविड गाइडलाइन के अनुसार ही कार्यक्रमों में शामिल होने की नसीहत दी थी। इसका बहुत ज्यादा असर नव वर्ष के सेलिब्रेशन पर देखने को नहीं मिला।

शुक्रवार को दिनभर बिरसा मुंडा पार्क, राजेंद्र सरोवर और लिलोरी स्थान पार्क में मास्क पहने लोग जरूर नजर आये। हालांकि इसका अनुपालन लोगों ने सिर्फ एंट्री के समय ही किया। इसके बाद मास्क जेब के अंदर चला गया। पार्क के साथ ही शहर के प्रमुख होटल-रेस्त्रां में रंगारंग कार्यक्रम के साथ नववर्ष का स्वागत हुआ। आतिशबाजी भी हुई। लोगों ने एक दूसरे को नववर्ष की बधाई भी दी।