पश्चिमी सिंहभूमः चाईबासा में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में दो लाख का ईनामी नक्सली मंगरा लुगुन ढ़ेर

झारखंड देश
Spread the love

चाईबासा। बड़ी खबर झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट क्षेत्र से आ रही है। यहां जंगल में सुरक्षा बल की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। सुरक्षा बल ने मुठभेड़ में दो लाख रुपये का ईनामी पीएलएफआई का एरिया कमांडर मंगरा लुगुन को मार गिराया।

चाईबासा एसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि पुलिस और सीआरपीएफ संयुक्त अभियान चला रही है। अभियान के दौरान ही रात 1:30 बजे के करीब मुठभेड़ हुई। एसपी ने बताया कि नक्सली आजकल ठेकेदारों, हब्बा-डब्बा जैसे जुआ खेल कराने वाले संचालकों, बालू घाट संचालकों आदि को डरा-धमका कर लेवी वसूली करना और हत्या आदि जैसी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त पाये जा रहे हैं।

चाईबासा पुलिस उग्रवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और उम्मीद है कि जल्द ही उग्रवादियों का खात्मा कर दिया जायेगा। यहां बता दें कि 26 नवंबर को कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चक्रधरपुर- पोड़ाहाट अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ के बाद 25 लाख का ईनामी दिनेश गोप अन्य नक्सलियों के साथ भागने में सफल रहा था।