राशन डीलर की मनमानी, बीडीओ के निर्देश के बाद भी लाभुकों को बैरंग लौटाया

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। राशन डीलर की मनमानी बढ़ती जा रही है। बीडीओ सह एमओ के निर्देश के बाद भी उसने लाभुकों को बैरंग लौटा दिया। राशन नहीं मिलने के लाभुकों के गुहार के बाद बीडीओ ने डीलर को राशन बांटने का निर्देश दिया था। यह मामला झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर पंचायत के तेलियाबांध व तेलियानीजामत गांव का है।

बीडीओ को आवेदन सौंपा

गांव के दर्जनों लाभुकों ने बीडीसी शोभा देवी के नेतृत्व में बीडीओ मनोज तिवारी को आवेदन देकर राशन दिलाने की गुहार लगाई। उन्‍होंने आरोप लगाया कि डीलर ने दो महीना से राशन नहीं दि‍या है। ग्रामीणों ने तेलियाबांध गांव के डीलर राम जी राम पर आरोप लगाते हुए कहा कि अक्टूबर और नवंबर का चावल, किरासन तेल, चीनी, चना व नमक नहीं दिया गया है। सभी ने कहा कि उक्त डीलर की यह स्थिति बराबर की रही है। वह कभी भी समय पर राशन का वितरण लाभुकों के बीच नहीं करते।

वजन में कटौती का आरोप

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि डीलर द्वारा वजन में भी एक से सात किलो तक की कटौती की जाती है। प्रति किलो एक रुपये की जगह डेढ़ रुपये लिया जाता है। विरोध करने पर कहा जाता है कि इसी तरह राशन मिलेगा। लेना है लें, नहीं तो जिस बाप के पास जाना है जाएं। लोगों ने गाली देने का भी आरोप डीलर पर लगाया।

तुरंत राशन बांटने का निर्देश

बीडीओ मनोज तिवारी ने लाभुकों के सामने ही गोदाम प्रभारी से राशन उठाव की जानकारी ली। पता चला कि डीलर राम जी राम ने गोदाम से राशन का उठाव कर लिया है। बीडीओ ने फोन द्वारा डीलर राम जी राम से भी अभी तक राशन वितरण नहीं करने की जानकारी ली। उन्होंने डीलर को निर्देश दिया कि आज से लाभुकों को राशन का वितरण करें। अन्यथा लाईसेंस को रद्द करने के लिए वरीय पदाधिकारी को लिख दिया जाएगा। कार्रवाई भी होगी। बीडीओ ने सभी लाभुकों से कहा कि सभी यहां से वापस जाकर डीलर से चावल लेना सुनिश्चित करें। बीडीओ के निर्देश पर सभी कार्डधारी वापस आकर राशन लेने डीलर के दुकान पर गए, लेकिन राशन नहीं मिला।

डीलर ने ग्रामीणों को फटकारा

डीलर ने ग्रामीणों को डपटते हुए कहा कि आज राशन नहीं मिलेगा। मैं पांच तारीख के बाद राशन का वितरण होगा। डीलर के खिलाफ आवेदन देने वालों में शम्भू प्रसाद गुप्ता, राम नरेश चौधरी, कुसमी देवी, सीता राम चौधरी, बिफनी देवी, राजमतिया कुंवर, मंगरी देवी, महेश चौधरी, उर्मिला देवी, सरिता देवी, नसीबन बीबी, सिमतिया देवी, भागमती देवी, मुखलाल राम, जगनारायण साव, ग्यासु अंसारी, गिरवर साहू, राजेन्द्र राम, अखिलेश राम, चंदन कुमार गुप्ता, सैरा बीबी, विंदु देवी सहित अन्य शामिल थे।