नौ करोड़ से अधिक के छात्रवृत्ति घोटाले में छापेमारी, कल्याण विभाग के प्रधान सहायक की गिरफ्तारी

अपराध झारखंड देश
Spread the love

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में विकास भवन में आगजनी व 9.33 करोड़ छात्रवृत्ति घोटाले के मामले में पुलिस ने कल्याण विभाग के प्रधान सहायक काशी प्रसाद गुप्ता को डालटनगंज (पलामू) स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।

सिमरिया एसडीपीओ अशोक कुमार प्रियदर्शी के नेतृत्व में की गई छापेमारी में उसे गिरफ्तार किया गया। अभियान में सदर थाने के एसआई रूपेश यादव शामिल थे। इस मामले में अबतक 16 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। छात्रवृत्ति घोटाले में चार दिसंबर को पूर्व डीडब्ल्यूओ आशुतोष कुमार व प्रयास एनजीओ के डायरेक्टर अभय कुमार को गिरफ्तार किया गया था।

दो नवंबर 2017 को चतरा के विकास भवन में आग लगी थी, जिसमें कल्याण विभाग के सभी दस्तावेज जल कर नष्ट हो गए थे। इसे लेकर तत्कालीन उपायुक्त जीतेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। मामले की जांच पूर्व डीडीसी जिशान कमर के नेतृत्व में की गई थी। जांच के दौरान छात्रवृत्ति की राशि गबन करने व साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से विकास भवन में आग लगाए जाने की बात पायी गई थी, जिसमें दो डीडब्ल्यूओ, नाजिर, प्रधान सहायक समेत 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।

10-12 वर्षों में करोड़ों रुपए का छात्रवृत्ति घोटाला किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है और प्रधान सहायक को गिरफ्तार किया।