झारखंड के 6 कोल ब्लॉक में जल्‍द शुरू होगा खनन कार्य

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • मुख्यमंत्री और केंद्रीय अपर खान सचिव की बैठक
  • उत्खनन कार्य में 75% मानव बल झारखंड के ही हो

रांची। झारखंड के 6 कोल ब्‍लॉक में जल्‍द खनन का कार्य शुरू होगा। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से 4 दिसंबर को रांची के कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में केंद्रीय खान मंत्रालय के अपर सचिव एम नागराजू से बात की। अपर सचिव ने झारखंड स्थित 29 कोल ब्लॉकों को चालू करने के संबंध में बात की।

इन ब्‍लॉक में शुरू होगा काम

बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि राज्य के 29 कोल ब्लॉक में से 3 में पहले से ही खनन कार्य प्रारंभ है। आने वाले कुछ महीनों में केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से केरेडारी, चट्टी बरियातू, बदाम, तुबेद, टोकीसूद एवं लोहारी कोल ब्लॉक में खनन कार्य चालू हो सकेगा। अपर सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन 6 कोल ब्लॉक में खनन कार्य प्रारंभ करने को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार के पदाधिकारियों द्वारा सकारात्मक प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही इन 6 कोल ब्लॉकों में उत्खनन कार्य प्रारंभ हो सके, यह सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

75% मानव बल राज्य के हो

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय खान मंत्रालय के अपर सचिव को निर्देशित किया कि विभिन्न कोयला खनन कंपनियों के आवंटियों को झारखंड एक्ट का पालन कराना सुनिश्चित किए जाएं। राज्य सरकार के नियम के अनुसार उक्‍त कंपनियों में कार्यरत 75% मानव बल झारखंड के हों, यह प्राथमिकता के तौर पर सुनिश्चित की जाए। अपर सचिव ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि विभिन्न कोयला उत्खनन कंपनियों के आवंटियों के साथ बैठक कर इसका अनुपालन किए जाने का निर्देश मंत्रालय द्वारा दिए जाएंगे।

नया रोड बनाया जाए

अपर सचिव ने मुख्यमंत्री से कहा कि पाकुड़ जिला स्थित पछवारा कोल ब्लॉक से दुमका तक नया रोड बनाने का कार्य राज्य सरकार करे। इससे ट्रांसपोर्टिंग सुलभ हो सकेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण करने से वहां के वातावरण में प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। बेहतर यह हो सकता है कि केंद्र सरकार उस रूट में डेडीकेटेड रेलवे लाइन निर्माण करने का कार्य करे, ताकि आसपास क्षेत्र में रहने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। बैठक में कई और कॉल ब्लॉक को चालू करने को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार के पदाधिकारियों द्वारा सकारात्मक कदम उठाए जाने पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में ये मौजूद

मौके पर झारखड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव एल ख्यानगते, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खान सचिव श्रीमती पूजा सिंघल, खान निदेशक जितेंद्र कुमार सिंह भी उपस्थित थे।