पलामू में अंतरराज्यीय ब्लेडमार गैंग का खुलासा, बिहार के रहने वाले तीन सदस्य गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

पलामू। पलामू पुलिस ने एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है जो हाथों से पैसे चुरा लेता है और लोगों को भनक तक नहीं लगती है। इस गिरोह के सदस्य बिहार के रहने वाले हैं। बिहार का ब्लेडमार गैंग बैंकों के बाहर रेकी करता था और ब्लेड से बैग काट कर रुपए उड़ा लेता था।

पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के सदस्य पलामू से गढ़वा तक के इलाके में सक्रिय थे। इस गिरोह के सदस्य बड़ी चालाकी से बाइक की डिक्की तोड़कर भी रुपए उड़ा लेते थे। पलामू पुलिस ने बिहार के इस ब्लेडमार गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पूरे मामले में आरोपी अमित कुमार सोनी, राजू कुमार बैठा और अर्जुन पासवान को गिरफ्तार किया है।

अर्जुन पासवान बिहार के रोहतास स्थित डिहरी का रहने वाला है। अन्य सदस्य भी बिहार के ही रहने वाले हैं। विश्रामपुर एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि गिरोह का संचालन बिहार से होता था। गिरोह में शामिल दो अन्य लोग फरार हैं, जो बिहार के ही रहने वाले हैं। गिरोह का सरगना फिलहाल फरार है, जो बिहार के डिहरी का रहने वाला है। उसने एक दिसंबर को पलामू के रेहला थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग वजीर अहमद का बैग काट कर रुपए उड़ा लिए थे। वारदात तब हुई थी जब वजीर अहमद बैंक से रुपए निकाल कर ब्रांच से बाहर निकल रहे थे।

इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) गठित की थी। एसआईटी की टीम लगातार पलामू और गढ़वा के इलाके में अपराधियों को खोज रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र के चुनार मोहल्ले में रहने वाले अमित कुमार सोनी को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।