हजारीबाग। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हजारीबाग में आयोजित “आपके अधिकार-आपकी सरलाखकार आपके द्वार” कार्यक्रम अंतर्गत प्रमंडल स्तरीय मेगा परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने 25 लाख 92 हजार 856 लाभुकों के बीच कुल 22 अरब 30 करोड़ 29 लाख 6 हजार रुपए की परिसंपत्ति का वितरण किया। साथ ही नवचयनित कर्मियों के बीच मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र भी बांटा।
उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा के लिए विदेश जाने में सरकार सहरोग करेगी। राज्य के हर एक विधवा, बुजुर्ग, दिव्यांग को सरकार पेंशन देगी। राज्य का कोई भी व्यक्ति जिसकी आय सालाना आठ लाख से कम है, उसके इलाज में सरकार सहयोग करेगी। राज्य में 75% नौकरी एवं एक करोड़ रुपए तक का टेंडर स्थानीय लोगों को मिलेगा। रांची से बोकारो फोरलेन का निर्माण जल्द पूरा होगा। राज्य के विभिन्न विभागों की नियुक्ति नियमावली बनकर तैयार है। जल्द ही बड़े पैमाने पर वेकैंसी निकलेगी। जल्द विस्थापित आयोग बनेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार “आपके अधिकार- आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जो राज्य में विगत 20 वर्षों में नहीं हुआ उसे किया जा रहा है। इसके तहत सरकार लाभुकों के घर तक जा कर उन्हें सरकार के योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उच्च स्तरीय पदाधिकारियों की ओर से मॉनिटरिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक इस योजना के तहत 2 लाख 50 हजार शिकायत दर्ज कराई गई जिसमें से 2 लाख 20 हजार शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मरांग गोमके पारदेशीय शिक्षा योजना के तहत 6 आदिवासी विद्यार्थियों को विदेश में शिक्षा प्राप्त करने के लिए भेजा गया था। अब सभी वर्ग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री आज उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग में”आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम अंतर्गत प्रमंडल स्तरीय मेगा परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में “आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार” योजना से सम्बन्धित पुस्तिका का विमोचन किया।
इस अवसर पर मंत्री श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग सत्यानंद भोक्ता, मंत्री शिक्षा विभाग जगन्नाथ महतो, विधायक गांडेय सरफराज अहमद, विधायक लंबोदर महतो, विधायक गिरिडीह सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक रामगढ़ ममता देवी, माननीय विधायक बरही उमाशंकर अकेला, विधायक बड़कागांव अम्बा प्रसाद, मुख्यंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रमंडलीय आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल कमल जॉन लकड़ा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़ एवं चतरा जिले के उपायुक्त एवं विभिन्न विभागों के राज्य एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।