अखिलेश अध्यक्ष और सुनील बने चतरा जिला पुलिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष

झारखंड
Spread the love

चतरा। चतरा सदर थाना परिसर में जिला पुलिस एसोसिएशन का चुनाव संपन्न हो गया। कुल पांच विभिन्न पदों के लिए हुए चुनाव में कुल 198 मतदाताओं ने मतों का प्रयोग किया। हालांकि 248 पुलिसकर्मियों को अपने मतों का प्रयोग करना था। इसमें अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को सिकंदर कुमार सिंकू को 33 मतों के अंतर से पराजित किया।

अध्यक्ष पद के लिए पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव व सहायक अवर निरीक्षक सिकेंद्र सिंकू मैदान में थे। अखिलेश के पक्ष में कुल 124 और सिकंदर के पक्ष में कुल 71 मत पड़े। इस प्रकार अखिलेश अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए।

उपाध्यक्ष पद के लिए भी दो ही उम्मीदवार थे, जिसमें सहायक अवर निरीक्षक सुनील तिवारी एवं अवर पुलिस निरीक्षक दिनेश हेम्ब्रम के बीच सीधा मुकाबला था। सुनील तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिनेश हेम्ब्रम को 14 वोटों के अंतर से पराजित किया। सुनील के पक्ष में कुल 105 और दिनेश के पक्ष में कुल 91 मत पड़े। इस प्रकार सचिव पद के लिए सहायक अवर निरीक्षक ललन सिंह एवं दुखीराम महतो के बीच सीधा मुकाबला था। कांटे की इस टक्कर में ललन सिंह को 133 एवं दुखीराम को 64 मत मिले। इस प्रकार ललन सिंह 69 मत से विजयी घोषित हुए।

वहीं संयुक्त सचिव पद पर रविरंजन कुमार व विनोद कुमार के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इसमें रविरंजन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनोद को 33 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। कोषाध्यक्ष पद के लिए सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार व शशिकांत ठाकुर मैदान में थे। इसमें संतोष कुमार को 149 व शशिकांत को मात्र 46 वोट मिले। इस प्रकार संतोष 103 मत से कोषाध्यक्ष पद विजयी हुए।