भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम वर्ल्ड कप में सिमडेगा की तीन बेटियां चयनित, रूस से होगी पहली भिड़ंत

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड स्थापना दिवस पर हॉकी झारखंड के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी महिला जूनियर विश्व कप दक्षिण अफ्रीका 2021 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा की है। इस टीम में झारखंड के सिमडेगा से तीन खिलाड़ियां सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग भी चयनित हुई हैं।

हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे सिमडेगा सदर प्रखंड के बड़कीछापर गांव की है। वहीं संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग केरसई प्रखंड के करगागुड़ी गांव की है। भारतीय टीम 28 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका रवाना होगी। जूनियर भारतीय टीम की 28 खिलाड़ियों का विशेष कैंप बेंगलुरु में चल रहा है, जिससे 18 खिलाड़ियों को चुना गया है।

झारखंड की तीन खिलाड़ियों का चयन राज्य के हॉकी के लिए बड़ी ऊर्जा का कार्य करेगी। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम को पूल सी में रखा गया है। आगामी छह दिसंबर को रूस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। राउंड रॉबिन लीग के दूसरे मैच में आगामी सात दिसंबर को गत चैंपियन अर्जेंटीना से भिड़ेंगी। उसके बाद नौ दिसंबर को जापान के खिलाफ उनका मैच होगा।

टीमों में पूल ए में नीदरलैंड, कोरिया, आयरलैंड, जिम्बाब्वे व पूल बी में इंग्लैंड, बेल्जियम, कनाडा और उरुग्वे शामिल हैं। वहीं पूल सी में अर्जेंटीना, भारत, जापान और रूस जबकि जर्मनी, स्पेन, संयुक्त राज्य अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका को पूल डी में रखा गया है। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की सूची में लालरेम्सियामी (कैप्टन), इशिका चौधरी (वाइस कैप्टन), बिचु देवी खरीबाम (गोलकीपर), खुशबू, अक्षता अबसो ढेकाले, प्रियंका, मरीना लालरामनघाकि, अजमीना कुजुरी, बलजीत कौर, रीत, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, ब्यूटी डंगडुंग, दीपिका, मुमताज खान, संगीता कुमारी व जीवन किशोरी टोप्पो हैं।

तीनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन होने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, शशिकांत प्रसाद, विजय शंकर सिंह, मनोज कोनबेगी, असुंता लकड़ा, रजनीश कुमार, असरिता लकड़ा, प्रतिमा बरवा, तारिणी कुमारी, माइकल लाल, अशोक भगत, दशरथ महतो, संजीव झा, सुरजीत झा, जयंत केरकेट्टा, बबलू कुमार, कमलेश मांझी सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है।