गम्हरिया नहर में मिली 40 किलो की यह समुद्री मछली, हैरत में पड़े मछुआरे

बिहार
Spread the love

मधेपुरा। मधेपुरा के सुपौल सिंघश्वर पथ पर बड़ी नहर में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरों को करीब 40 किलो की एक मछली मिली। मछली मिलते ही देखने के लिए आसपास के लोग उमड़ पड़े।

40 किलो की मछली पकड़ना मछुआरों के लिए आसान नहीं था। छोटी मछली की जाल में फंसी इस बड़ी मछली को पकड़ने के लिए मछुआरों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मछुआरे ने कहा कि इस तरह की प्रजाति की मछली समुद्र में पायी जाती है। इस मछली को मछुआरे पहचान नहीं पाए।

सुबह में जब मछुआरे नहर से 40 किलो की मछली को लेकर बाहर आए, तो आसपास के लोग उसे देखने के लिए जुट गए। वैसे तो 5 से 10 किलो की मछली लोग रोज देखते थे, लेकिन इतनी बड़ी मछली को देखना उनके लिए हैरत की बात थी।

मछुआरा सदानंद शर्मा का कहना है कि नहर में पानी कम होने के कारण यह मछली मिल सकी, अन्यथा इतनी बड़ी मछली पकड़ में नहीं आती। उसके बाद गम्हरिया हाट बाजार में मछली को बेचने के लिए लाया गया। वहां हाट में भी इस मछली को देखने के लिए लोग उमड़ पड़े।