रांचीः नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने वाले चार सप्लायर चढ़े पुलिस के हत्थे, मुंगेर निर्मित हथियार भी बरामद

Uncategorized
Spread the love

रांची। रांची पुलिस को सोमवार की सुबह बड़ी सफलता मिली है। नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने वाले चार सप्लायरों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी बुंडू के जयराम होटल के समीप जंगल से हुई है।

पुलिस की गिरफ्त में आये इन सप्लायरों में तमाड़ के समीर स्वांसी, जगन्नाथपुर के टोली पुंदाग के अविनाश नायक, मधुकम पहाड़ी मंदिर रोड के सन्नी नायक और खूंटी के जयदीप कुमार कश्यप शामिल हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो मैगजीन सहित पिस्टल बरामद किया है। जब्त हथियार बिहार के मुंगेर निर्मित हैं।

ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि पकड़े गये सभी आरोपियों का संबंध पीएलएफआई उग्रवादियों से है। वे उग्रवादियों को भी हथियार की सप्लाई करते हैं। अब तक एक दर्जन छोटे हथियार उग्रवादियों को सप्लाई कर चुके हैं।

आरोपी ने पूछताछ में हथियार खरीदने वाले उग्रवादियों के नामों का भी खुलासा किया है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी भी मिली है। पुलिस उस पर काम कर रही है। इस गिरोह में कई सदस्य शामिल हैं। ये रांची के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी हथियार की सप्लाई करते हैं।