पंजाब: पठानकोट छावनी पर ग्रेनेड हमला, जवान सुरक्षित, पूरे जिले में अलर्ट

अन्य राज्य देश
Spread the love

पंजाब। शहर के सैन्य क्षेत्र त्रिवेणी द्वार गेट पर बीती देर रात करीब एक बजे अज्ञात बाइक सवारों ने ग्रेनेड से हमला किया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने पूरे जिले में अलर्ट जारी किया है। SSP पठानकोट सुरिंदर लांबा समेत पुलिस के सभी आला अधिकारी मौके पर हैं।

सैन्य क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से सुराग निकालने की कोशिश की जा रही है। रविवार देर रात एक बजे पठानकोट के काठ वाला पुल से धीरा जाने वाले रास्ते में पड़ते सेना के त्रिवेणी द्वार पर मोटर साइकिल सवारों ने ग्रेनेड फेंका। जिससे वहां तेज धमाका हुआ। गेट पर ड्यूटी दे रहे जवान दूरी पर थे। जिसके चलते किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। ग्रेनेड फेंकने वाले बाइक सवार किधर से आए और किधर गए, इसके बारे सैन्य अधिकारी भी नहीं बता पा रहे हैं।

धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। SSP खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस द्वारा जिला भर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। सेना के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। उसी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। सभी नाकों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।