वायुसेना के लिए बड़ा दिन, सैपर प्रकाश जाधव को कीर्ति चक्र, अभिनंदन को ‘वीर चक्र’ से किया सम्मानित

देश नई दिल्ली
Spread the love

दिल्ली। भारतीय वायुसेना के लिए आज का दिन बेहद ही खास रहा। भारतीय सेना के नायकों को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान कुछ वीरों को मरणोपरांत भी सम्मान मिला। बालाकोट एयरस्ट्राइक के अगले दिन पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले अभिनंदन वर्तमान को आज ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया।

कोर ऑफ इंजीनियर्स के सैपर प्रकाश जाधव को मरणोपरांत दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। वहीं जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान ए ++ श्रेणी के आतंकवादियों को मारने के लिए शहीद नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी और मां ने सम्मान ग्रहण किया।

पांच आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने वाले मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को भी मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने उनकी मां को यह पुरस्कार प्रदान किया। पूर्व पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त), इंजीनियर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, दक्षिणी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल अनिल चावला को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं पूर्वी वायु कमांडर एयर मार्शल दिलीप पटनायक को अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।