जमशेदपुर में राहगीरों को पीटा, भाजपा नेता के दो वाहन फूंके, हवाई फायरिंग कर युवक हुए फरार

Uncategorized
Spread the love

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के उलीडीह थाना क्षेत्र में दीपावली की रात कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। एक ओर जहां शंकोसाई संजीवनी पथ में राह चलते युवकों की पिटाई की और वाहनों में तोड़-फोड़ की, वहीं दूसरी तरफ वसुंधरा स्टेट में भाजपा नेता कृष्णा शर्मा की मर्सिडीज कार और जीप में आग लगा दी।

इससे कॉलोनी के चार से पांच वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। इसमें धोबी के कपड़े भी जल गए। उत्पात मचाने के बाद सभी युवक फरार हो गए। बस्तीवासी के जुटने पर बदमाशों ने एक राउंड हवाई फायरिंग भी की। उलीडीह थाने में इस मामले की शिकायत की गई है। पुलिस युवकों का पता लगाने में जुटी है।

बताया जाता है कि मानगो संकोसाई संजीवनी पथ में दीपावली की रात करीब एक बजे युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। करीब दर्जनभर युवकों ने राहगीर की पिटाई की। इस दौरान बस्ती के लोगों को गाली-गलौज किया। उन्होंने मनोज कुमार और भरत पांडा की पिकअप वैन का शीशा तोड़ डाला। वहीं वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। बस्तीवासी के जुटने पर बदमाशों ने एक राउंड हवाई फायरिंग भी की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक फरार हो गए। वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना उलीडीह थाना की पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर करीब आधे घंटे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उसके बाद पुलिस पिटाई से घायल युवक हारा को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गई। स्थानीय लोगों अनुसार 10 से 12 की संख्या में युवकों ने उत्पात मचाया। युवकों ने राह चलते लोगों के साथ मारपीट की। कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा हवाई फायरिंग भी की। पुलिस उत्पात मचाने वाले युवकों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करे।

इधर जानकारी मिलने पर भाजपा नेता विकास सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। भाजपा नेता विकास सिंह के अनुसार पुलिस उत्पात मचाने वाले युवकों के खिलाफ सख्ती से निपटे, अन्यथा मामले की शिकायत वरीय पुलिस पदाधिकारी से की जाएगी।