हज के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानें सरकार ने इस बार क्या किए बदलाव

नई दिल्ली
Spread the love

दिल्ली। सोमवार से हज 2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई और आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने नए सुधार एवं सुविधाओं के साथ हज 2022 की घोषणा की।

नकवी ने यहां हज हाउस में हज 2022 की घोषणा करते हुए कहा कि सम्पूर्ण हज प्रक्रिया 100 प्रतिशत डिजिटल/ऑनलाइन होगी। हज 2022 के लिए आवेदन पत्र जमा किए जाने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 रखी गई है। हज के लिए आवेदन, ऑनलाइन और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘हज मोबाइल ऐप’ के जरिए भी किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय हज यात्री भी ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करेंगें एवं स्वदेशी सामान के साथ हज यात्री आवश्यक हज यात्रा पर जाएंगें। 

इससे पूर्व चादर-तकिए-तौलिया, छतरी एवं अन्य सामान, हज यात्री विदेशी मुद्रा में सऊदी अरब में खरीदतें थे। इस बार इनमें अधिकांश स्वदेशी सामान भारतीय मुद्रा में भारत में ही खरीदे जाएंगे। जहां यह सामान भारत में लगभग 50 प्रतिशत कम दामों पर मिलेंगें, वहीं इससे स्वदेशी एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हज यात्रा के इच्छुक लोगों की चयन प्रक्रिया कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लिए जाने एवं भारत और सऊदी अरब की सरकारों द्वारा हज 2022 के समय तय किए जाने वाले कोरोना प्रोटोकॉल, दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों के तहत होगी।