उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ ही चार दिनी महापर्व छठ का समापन

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची/पुरूलिया: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ गुरुवार को आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया। लोगों ने घर से लेकर घाट तक भगवान को अर्घ्य दिया।

पुरूलिया में सुप्रिया सिंह ने भी विधि-विधान के साथ महापर्व छठ का अनुष्ठान किया था। इस वर्ष इस अनुष्ठान में शामिल होने पंचेत से दीक्षा सागर और खुशी कुमारी, खुशी-खुशी शामिल हुईं। इधर झारखंड की राजधानी रांची से लेकर बंगाल के पुरूलिया के छठ घाटों के अलावा कई तालाबों में भी सुबह 3 बजे से ही लोगों का पहुंचना जारी रहा।लोग पहुंचते रहे और छठ घाटों पर प्रसाद के सूप और डालों को सजाकर रखते गये।

छठ व्रत करने वाली महिलाएं तालाबों में उतर कर भगवान भास्कर के उगने का इंतजार करती दिखीं और इस दौरान छठव्रती सूर्य की उपासना करती नजर आयीं। पौ फटने से पहले ही तालाबों में काफी भीड़ पहुंची थी। इस दौरान छठ घाटों पर पूजा समितियों ने तालाबों को बेहतर ढंग से सजाया था, रंगीन बल्बों और झालरों से सजे तालाबों के छठ घाट आकर्षक नजर आ रहे थे। आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर हर्षोल्लास दिखा। चार दिनों के महापर्व में पहले दिन नहाय खाय से शुरूआत हुई और आज यानी गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का भव्य समापन हुआ।