- मुंबई में किए जाएंगे सम्मानित
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड की चुट्टु पंचायत के मुखिया सोमनाथ मुंडा को महाराजा मदरा मुंडा उत्कृष्ट सामाजिक सेवा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वह रांची जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष भी हैं।
सामाजिक एवं पंचायती राज के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए यह सम्मान उन्हें दिया जा रहा है। मुंडा को यह सम्मान 26 नवंबर, 2021 को मुंबई के बोरीवली स्थित प्रबोधनकार ठाकरे सभागार में दिया जाएगा। सम्मान उन्हें झारखंड इंटलैक्चुअल फोरम द्वारा दिया जा रहा है।
फोरम द्वारा मुंबई में झारखंड के 21वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फंडनवीस, झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पदमश्री छूटनी महतो, पदमश्री मधु मंसूरी हंसमुख की मौजूदगी में इस सम्मान से उन्हें नवाजा जाएगा।
ज्ञात हो कि सोमनाथ मुंडा के प्रयास से रिंग रोड में महाराजा मदरा मुंडा की प्रतिमा लगायी गयी है। वे 2015 में अपनी पंचायत के मुखिया चुने गये। जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष के तौर पर 18 प्रखंडों के 305 पंचायतों का दायित्व संभाल रहे हैं। बीआइटी पॉलीटेक्निक में आरक्षण के मुद्दे पर जेल भी जा चुके हैं।
सोमनाथ ने महाराजा मदरा मुंडा के नाम से स्टेडियम का भी निर्माण कराया है। इतिहास विषय में स्नातक की डिग्री हासिल कर सामाजिक सेवा को अपना प्राथमिक उद्देश्य बनाया है। उन्हें सम्मान दिए जाने पर मुखिया संघ, प्रखंड मुखिया संघ समेत तमाम सामाजिक- राजनीतिक लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्हें शुभकामना दी।