मालाटा। प्रशांत महासागर में स्थित सोलोमन द्वीप पर प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को संसद भवन और एक पुलिस थाने में आग लगा दी। ये प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री को हटाने को लेकर मांग कर रहे थे। भारी हिंसा और लूटपाट को देखते हुए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और रबर की गोलियों का इस्तेमाल करना पड़ा।
वहीं, हालात को नियंत्रित करने के लिए राजधानी होनियारा में 36 घंटे के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। देश में भारी तनाव है। प्रधान मंत्री मनश्शे सोगावारे ने बुधवार देर शाम राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में राजधानी में लॉकडाउन की घोषणा की।
बताया जा रहा है कि इस द्वीपसमूह के सबसे अधिक आबादी वाले द्वीप मालाटा के लोगों ने राजधानी पहुंचकर कई घरेलू मुद्दों पर अपना गुस्सा जाहिर किया। इसमें बुनियादी ढांचे में सुधार के कई वादों को पूरा न करना भी शामिल है। मालाटा के लोगों ने विकास की दौड़ में पीछे रह जाने पर भी नाराजगी जताई।