तमाड़। रांची के तमाड़ के कांची पुल के पास रविवार की देर शाम हाइवा और ट्रक के बीच सीधी टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गयी। इस घटना के बाद रांची-टाटा मुख्य मार्ग घंटों जाम रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया, वहीं काफी मशक्कत के बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ।
घटना के संबंध में बताया गया कि रांची-टाटा मुख्य मार्ग के तमाड़ स्थित कांची पुल के पास हाइवा (JH 019A 7522) और ट्रक (MP 09HH 3721) के बीच सीधी टक्कर हो गयी। सीधी भिड़ंत हो जाने से दोनों वाहन के चालकों की दर्दनाक मौत हो गयी। इसमें सरायकेला के आमड़ा निवासी हाइवा ड्राइवर राजू गोराई की मौत हुई है। इस घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रक में फंसे चालकों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहन से निकाला गया। वहीं, पुलिस ने वाहन के दोनों चालकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।