
- राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अर्पित किये श्रद्धासुमन
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी में गांधी जयंती पर बेरोजगार युवक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इंतजार कर रहे थे। रोजगार देने के मुद्दे पर उन्हें घेरने की योजना थी। पूरे राज्य से युवा जुटे थे। स्थिति भांपते हुए सीएम तिरिल स्थित सर्वोदय आश्रम पहुंच गये। आम तौर पर गांधी जयंती पर यहीं कार्यक्रम होते रहे हैं। राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गांधी जयंती पर छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान (सर्वोदय आश्रम), तिरिल पहुंचे। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की।
महात्मा गांधी ने स्थापना की थी
गौरतलब है कि तिरिल आश्रम की स्थापना महात्मा गांधी ने 1928 में डॉ राजेन्द्र प्रसाद के साथ की थी। तब यह स्वाधीनता सेनानियों का केंद्र था। इसकी ऐतिहासिकता आज की पीढ़ी को झारखंड का देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सहयोग को समझने में सहायक होगी। आज भी इस आश्रम में महात्मा गांधी द्वारा उपयोग किया चरखा मौजूद है। तिरिल आश्रम का विशाल प्रांगण और गांधीजी की प्रतिमा आम जनों का स्वागत करती है।
देश के विकास में हम भागीदार बनें : रमेश बैस
इस अवसर पर राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि आज देश के दो महान विभूति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। इन दोनों महान विभूतियों ने देश को नई दिशा दी थी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने यह सिखाया कि अपनी बातें बिना हिंसा के भी कैसे मनवाई जा सकती है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने देश के प्रति सेवा भावना को देशवासियों के अंदर जागृत करने का काम किया था।
विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज संयोग और सौभाग्य का दिन है कि देश के दो महान विभूति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मना रहे हैं। इन दोनों महापुरुषों ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। इन महापुरुषों ने देश के लोगों को एक ऐसी दिशा दिखाई, जिससे इंसानियत, मानवता एवं लोकतंत्र के मूल्यों को मजबूत बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा हालात में कई बदलाव हुए हैं। आज आवश्यकता है कि ऐसे विभूतियों के विचारों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाए।
कार्यक्रम में ये भी थे मौजूद
मौके पर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव सुनील श्रीवास्तव, छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान (सर्वोदय आश्रम) के संरक्षक अभय चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।