पलामूः चैनपुर में मजार शरीफ और प्राचीन देवी मंदिर में चोरी, लोगों में भारी आक्रोश

अपराध झारखंड
Spread the love

पलामूः झारखंड में चोरों को अब भगवान का भी डर नहीं रहा। दो दिन में दो धार्मिक स्थलों को बेखौफ चोरों ने निशाना बनाया है।

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में चोरों का आतंक बढ़ गया है। पिछले दो रातों में चोरों ने दो धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया है। मजार शरीफ और प्राचीन देवी मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं से जहां सनसनी है, वहीं लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के बाद एक बार फिर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

गुरुवार की रात विवेकानंद चौक के समीप स्थित प्राचीन देवी मंदिर में चोरी हुई। चोर दान पेटी को उखाड़ कर ले गये। चोरों ने मंदिर के गर्भगृह के मुख्य गेट पर लगे ताले को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तोड़ नहीं पाये, तो गेट को काट दिया। अंदर घुसकर अलमीरा तोड़कर सारी संपत्ति गायब कर दी। अलमीरा में नकद और चढ़ावा के आभूषण रखे थे। माता की प्रतिमा पर चढ़ाये गये आभूषण भी गायब हो जाने का अनुमान लगाया गया है। दान पेटी पिछले 3 वर्ष से नहीं खोला गया था।

शुक्रवार की सुबह मंदिर दर्शन करने गये लोग बाहर के गेट में लगे ताले को टूटा देखकर दंग रह गये। अंदर हॉल में देखा तो दान पेटी गायब मिली। गर्भगृह का ताला सही सलामत था, लेकिन गेट को काट दिया गया था। चढ़ावा और अन्य सामान से भरी अलमारी टूटी हुई थी। सूचना के बाद आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जुट गये। भगवान के घर में चोरी होने से लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। बताते चलें कि इसी मंदिर में कुछ माह पहले भी चोरी की घटना हुई थी।