रामगढ़। जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारीकला अंतर्गत सियारडीह गांव में एक सनकी प्रेमी विकास कुमार पर युवती को जिंदा जलाने का आरोप लगाया गया है। इससे युवती की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर रजरप्पा थाना के एसआई रामवृक्ष प्रसाद और एएसआई शंभु सिंह सदलबल घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की। यह घटना 28 अक्तूबर की है, लेकिन 29 अक्तूबर को इसके शव का अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता ने आरोपी युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता नरेश प्रजापति ने रांची के बरियातू थाने में अपना लिखित बयान दर्ज कराया है। इसमें उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी नेहा कुमारी घर पर थी। इसी बीच पड़ोसी विकास कुमार 28 अक्तूबर को उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म करने की नीयत से उनके घर पर आया था। उसने उनकी बेटी पर केरोसिन डाल कर आग लगा दी और कमरे को बंद कर भाग गया।
घटना के समय वह खेत पर काम कर रहे थे। उनका छोटा पुत्र दौड़ कर आया और उसने देखा कि घर से धुआं निकल रहा है। उसके बाद वह घर आए और दरवाजा खोले तब तक उनकी पुत्री काफी जल चुकी थी। उसके बाद वह उसे रामगढ़ के सदर अस्पताल ले गए। जहां उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा है कि विकास ने ही केरोसिन डालकर उसे जिंदा जला दिया है। युवती इंटरमीडिएट की छात्रा थी, जबकि आरोपी युवक विकास बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। मृतका के पिता नरेश प्रजापति ने अपने बयान में कहा है कि गुपचुप तरीके से इन दोनों में प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। विकास ने 25 अक्तूबर को रात्रि लगभग 12 बजे उनकी बेटी को फोन कर घर से बाहर निकलने को कहा, लेकिन उनकी बेटी घर से बाहर नहीं निकली।
इस बात की जानकारी उनकी बेटी ने 26 अक्तूबर को सुबह में दी। उसके बाद 28 अक्तूबर को विकास ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि विकास हमेशा उनकी बेटी को फोन कर परेशान करता था और अपने साथ भागने के लिए दबाव बनाता था।