मुखिया पति पर 5 लाख रिश्‍वत लेने का आरोप, लगाई गई जनअदालत

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा (झारखंड)। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खुटहेरिया पंचायत की मुखिया अनिता देवी के पति विनोद राम पर जमीनी विवाद में 5 लाख रुपये रिश्‍वत लेने का आरोप लगा था। इस मामले को लेकर भरत पहाड़ी गांव स्थित विद्यालय में जनअदालत लगाई गई। बैठक में कार्यकारणी सदस्य सहित उक्त पंचायत के काफी संख्या में लोग शामिल थे। इस दौरान रिश्‍वत लेने का मामला उठा।

विदित हो कि बालकिशुन राम का जमीनी विवाद किसी अन्य व्यक्ति से है। यह मामला वर्षों से न्यायालय में चल रहा है। आरोप लगाने वाले बालकिशुन राम द्वारा पंचायती कर मामले का निष्पादन करने के लिए मुखिया से अनुरोध किया गया था। अधिक व्यस्तता होने के कारण मामला नहीं सुलझ सका। इस दौरान बाल किशुन राम द्वारा घोषणा पत्र के रूप में एक पर्चा बनाकर लोगों में वितरण किया गया था। यह पर्चा सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा था। इसमें रिश्‍वत मांगने का आरोप लगाया गया था। जनअदालत में बालकिशुन ने स्वीकार किया कि आवेश में आकर मुखिया पति विनोद राम पर झूठा आरोप लगा दिया था।

बता दें कि मुखिया पति विनोद राम एक शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि‍ ईमानदारी पूर्वक मुखिया अनिता देवी द्वारा पंचायत की विकास के लिए कार्य किया गया है। चुनाव नजदीक आने के कारण विरोधी आवेश में आकर गलत आरोप लगा रहे हैं, जो निश्चित रूप से बेबुनियाद व निराधार है। विनोद राम ने कहा कि छवि धूमिल करने के लिए साजिश रची जा रही है। किसी भी व्यक्ति पर झूठा आरोप लगाना गलत बात है। मौके पर मुखिया अनिता देवी, बीडीसी ऊदल राम, शिक्षक सुनील राम, आतिश सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।