भाजपा नेता जीतराम मुंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपी एक लाख का इनामी मनोज मुंडा गिरफ्तार

अपराध उत्तर प्रदेश झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। भारतीय जनता पाटी एससी मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष जीतराम मुंडा हत्याकांड के मुख्य आरोपी एक लाख रुपए का इनामी कुख्यात अपराधी मनोज मुंडा को रांची सिविल कोर्ट से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण मनोज मुंडा सरेंडर करने के लिए कोर्ट पहुंचा हुआ था, लेकिन रांची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे कोर्ट परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया है। जीतराम मुंडा की हत्या पिछले महीने रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में हुई थी। उसके बाद से ही इस हत्याकांड का प्रमुख अभियुक्त मनोज मुंडा फरार चल रहा था। अपनी गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बातचीत में मनोज मुंडा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आपसी रंजिश के कारण पुलिस उसे परेशान कर रही है।

ओरमांझी थाना क्षेत्र में 22 सितंबर की शाम बीजेपी नेता जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मनोज मुंडा फरार चल रहा था। रांची पुलिस ने मनोज मुंडा की सूचना देने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की थी। जीतराम मुंडा की हत्या की सुपारी मनोज मुंडा ने यूपी के शूटर डब्लू यादव को दी थी।

इस मामले में एसएसपी सुरेंद्र झा के निर्देश पर गठित स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम ने कार्रवाई करते बीते 28 सितंबर को उत्तरप्रदेश के गाजीपुर से डब्लू यादव और रांची से कार्तिक मुंडा को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो बाइक, एक कार समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए थे। शूटर डब्लू यादव साल 2015 के दौरान बनारस में एक छात्र नेता की हत्या के आरोप में जेल गया था और पांच साल जेल में रहने के बाद वह बाहर आया था।