रांची। झारखंड सरकार के हस्तक्षेप के बाद ईस्ट मुंबई (महाराष्ट्र) के L&T कंपनी में कार्यरत गुमला के 12 कुशल कामगारों को उनके बकाया वेतन का भुगतान कर दिया गया है। कंपनी ने कुशल कामगारों को 1,83,066 रुपये का भुगतान किया है। वेतन मिलने के बाद कामगारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता और श्रम विभाग के अंतर्गत राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के प्रति सभी ने आभार प्रकट किया है।
जानकारी के अनुसार गुमला जिला के पालकोट प्रखंड स्थित बागेसेरा गांव के 12 कुशल कामगार ईस्ट मुंबई की L&T कंपनी में कारपेंटर/अल्मुनियम/सेंट्रिंग का काम करने गये थे। ये पिछले साल (फरवरी 2020) से कंपनी में काम कर रहे थे। इन सभी ने खूंटी के कल्याण गुरूकुल में प्रशिक्षण लिया था। इन 12 कुशल कामगारों को लॉकडाउन के बाद से मजदूरी भुगतान नहीं हो पाया था। इसके कारण इनके सामने खाने-पीने व रहने की भारी समस्या उत्पन्न हो गयी थी।
गत 8 अक्तूबर, 2021 को इन कुशल कामगारों ने राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष से संपर्क स्थापित कर अपनी समस्या की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर नियंत्रण कक्ष के प्रतिनिधि ने L&T के मैनेजर से इस संबंध में बातचीत की। सभी का बकाया 1,83,066 रुपये का भुगतान कराया। सभी कुशल कामगार अभी मुंबई में हैं। L&T कंपनी में ही काम कर रहे हैं।