- मिष्ठान भंडार, होटलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
- नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई
रांची। त्योहार के सीजन में मिलावट आम बात है। झारखंड की राजधानी रांचीवासियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर रांची सदर अनुमंडल पदाधिकारी दीपक दुबे के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
शहर के 23 प्रतिष्ठानों की हुई जांच
विशेष अभियान के तहत 13 और 14 अक्टूबर 2021 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 23 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। दीपक दुबे के नेतृत्व में राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला के खाद्य विश्लेषक ने अपनी टीम और मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन के साथ विभिन्न मिष्ठान भंडार, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों के खाद्य सामग्री की जांच की गई।
सुरक्षा मानक नियम का उल्लंघन किया
विशेष अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों के खाद्य सामग्री की जांच की गई। इस दौरान कई तरह की अनियमितता पाई गई। मिष्ठान भंडार, होटल और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों द्वारा खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम एवं खाद्य सुरक्षा मानक नियम का उल्लंघन किया गया।
उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
शहर के जिन मिष्ठान भंडार, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों द्वारा खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम एवं खाद्य सुरक्षा मानक नियम का उल्लंघन किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं
अनुमंडल पदाधिकारी ने मिष्ठान भंडार और अन्य खाद्य पदार्थ के विक्रेताओं, होलसेलर और सप्लायर से अपील की है कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम एवं खाद्य सुरक्षा मानक नियम का पूरी तरह से पालन करें, अन्यथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।
जांच में ये मिला
1. मिठाई और पनीर में स्टार्च की मिलावट।
2. मिठाइयों में अखाद्य रंग का प्रयोग।
3. घी में तेल की मिलावट।
4. प्रतिष्ठान में FSSAI खाद्य लाइसेंस का प्रदर्शन नहीं।
5. बिक्री के लिए रखी गई मिठाइयों की उत्पादन तिथि और उपयोगिता दिनांक का नहीं लिखा होना।