बिहार के वैशाली में पति के साथ पांच माह की गर्भवती को भी फरसे से काटकर मार डाला, जानें वजह

अपराध बिहार
Spread the love

वैशाली। वैशाली में जमीन विवाद में पति-पत्नी की तेज धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। दो पड़ोसियों में हुए जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

इसमें एक पक्ष ने पति-पत्नी को धारदार हथियार (फरसा) से काटकर मार डाला। महिला 5 माह की गर्भवती थी। घटना जिले के पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के जारंग रामपुर में शनिवार की सुबह की है। इस घटना में दो आरोपी भी घायल हुये हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।

मृतकों में शशि विश्वकर्मा (35) और संगीता देवी (32) शामिल हैं। लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों में एक साल पहले से जमीन का विवाद चल रहा था। आरोपी हरिनारायण शर्मा और उसकी पत्नी चंद्रावती देवी मृतक के चचेरे चाचा और चाची के साथ विवाद आज इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और फरसा जैसे धारदार हथियार से हमले किए गए। इस घटना में शशि और उसकी पत्नी संगीता की मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष से हरिनारायण शर्मा व चंद्रावती देवी घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का 4 वर्षीय पुत्र लकी कुमार और 3 वर्षीय पुत्र वीर कुमार है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद में दंपती की हत्या की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।