Good News : देश के 122 शहरों में खुलेंगे 166 आधार नामांकन और अपडेट सेंटर

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

  • इन केंद्रों पर केवल आधार संबंधी काम होगा
  • फिलहाल देश में 55 आधार सेवा केंद्र चल रहे

नई दिल्ली। आम लोगों के लिए अच्छी खबर। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की योजना देश के 122 शहरों में 166 आधार नामांकन और अपडेट सेंटर खोलने की है। इन केंद्रों पर केवल आधार संबंधी काम होगा। फिलहाल प्राधिकरण ने देश में 55 आधार सेवा केंद्र खोले हैं।

ये केंद्र उन 52,000 आधार नामांकन केंद्रों के अतिरिक्त हैं, जो बैंकों, डाकघरों और राज्य सरकारों द्वारा चलाये जा रहे हैं। ये सभी आधार सेवा केंद्र सप्ताह में हर दिन खुले रहते हैं। अब तक दिव्यांगजनों को मिलाकर 70 लाख से अधिक लोगों को अपनी सेवायें दी हैं।

उल्लेखनीय है कि मॉडल-ए वर्ग के केंद्रों की क्षमता हर दिन एक हजार नामांकन और जानकारी अपडेट करने के आवेदनों को निपटाने की है। इसी तरह मॉडल-बी वाले केंद्र रोजाना 500 नामांकन और जानकारी अपडेट कर सकते हैं। मॉडल-सी वाले केंद्रों की क्षमता रोजाना 250 तक नामांकन और जानकारी अपडेट करने की क्षमता है। सभी तरह के केंद्र सुबह नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक चलते हैं। वे सिर्फ सार्वजनिक अवकाश के दिन ही बंद होते हैं।

जानकारी हो कि आधार नामांकन नि:शुल्क है। जनसांख्यकीय संबंधी अपडेट के लिये 50 रुपये और बायोमीट्रिक अपडेट (जनसांख्यकीय अपडेट सहित या रहित) के लिये 100 रुपये का शुल्क लिया जाता है।

आधार सेवा केंद्रों में ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट प्रणाली और टोकन प्रबंधन प्रणाली से काम होता है। इन प्रणालियों से बिना किसी अड़चन के नागरिकों को नामांकन और अपडेट प्रक्रिया के सभी चरणों की सूचना मिलती रहती है।

सभी केंद्र वातानुकूलित हैं। बैठने की समुचित व्यवस्था के तहत इन्हें डिजाइन किया गया है। सभी केंद्र दिव्यांगजनों के लिये सुविधा से लैस हैं।